बीईओ के निरीक्षण में तीन स्कूलों में लटका मिला ताला
बलरामपुर। बीईओ के औचक निरीक्षण में शनिवार को तीन स्कूलों में ताला लटकता मिला। सर्व शिक्षा अभियान को परिषदीय स्कूलों के शिक्षक पलीता लगा रहे है।
गैसड़ी शिक्षा क्षेत्र के बीईओ ह्रदयशंकर लाल श्रीवास्तव ने बताया कि डीएम व बीएसए के निर्देश पर शनिवार को उन्होंने छह स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय सोनपुर तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय लालपुर मटेहना में दो बार निरीक्षण के बाद भी ताला लटकता पाया गया।
प्राथमिक विद्यालय सोनपुर में शिक्षक अंबिका दत्त, शिक्षिका जया पांडेय व तीन शिक्षामित्र, उच्च प्राथमिक विद्यालय सोनपुर में हेडमास्टर रुकमणि तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय लालपुर मटेहना के हेडमास्टर मोहम्मद रईश व शिक्षक दुर्गेश कुमार बिना सूचना के नदारद पाए गए।
प्राथमिक विद्यालय मटेहना में इंचार्ज हेडमास्टर बिट्टोरानी व शिक्षामित्र पूरन चंद्रपाल, प्राथमिक विद्यालय लालपुर मटेहना में शिक्षामित्र राकेश कुमार द्विवेदी व प्राथमिक विद्यालय रतनपुर में शिक्षामित्र मुन्नालाल बिना सूचना के नदारद पाए गए।
औचक निरीक्षण के दौरान इन स्कूलों में विद्यार्थियों की भी उपस्थिति बहुत कम पाई गई। प्राथमिक विद्यालय मटेहना में 90 के सापेक्ष चार, लालपुर मटेहना में 62 के सापेक्ष 8 व रतनपुर में 112 के सापेक्ष मात्र 17 बच्चे पाए गए।
बिना सूचना के गायब हेडमास्टरों, शिक्षकों व शिक्षामित्रों का एक दिन का वेतन एवं मानदेय काटने की संस्तुति बीएसए को की गई है। तीन दिन में संतोषजनक जबाब न देने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। बीएसए रमेश यादव ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर शीघ्र ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।