बलरामपुर। श्री सनातन धर्म सभा बलरामपुर का 72वां विजयदशमी महोत्सव बुधवार को मनाया जाएगा। बड़ा परेड ग्राउंड पर दशहरा मेले में भगवान श्रीराम की सेना द्वारा कुंभकरण व मेघनाथ का संहार किया जाएगा। इसके बाद श्रीराम से युद्ध में रावण भी मारा जाएगा। ये जानकारी श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष केवल कृष्ण शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि श्रीराम लीला कमेटी, शिव नाट्यकला मंडल एवं बलरामपुर राज परिवार के सहयोग से विजयदशमी पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा।
श्री सनातन धर्म सभा के मंत्री संजय शर्मा ने बताया कि बुधवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद सायं 04:30 बजे पूरब टोला सिटी पैलेस से भगवान श्रीराम की सवारी (झांकी) निकाली जाएगी। ये सवारी बड़ा पुल चौराहा, पुरानी चौक, सब्जी मंडी, वीर विनय चौराहा व पीपल तिराहा होते हुए सायं 06:30 बजे परेड ग्राउंड पहुंचेगी। वहां राम व रावण की सेना के बीच युद्ध होगा। इसमें रावण, कुंभकरण व मेघनाथ का संहार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दशहरा मेले की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। मेला स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति व रोशनी की व्यवस्था के लिए नगर पालिका प्रशासन को पत्र लिखा गया है।