बलरामपुर। दो दिन से बैंक व अन्य संस्थानों में चल रही हड़ताल के बाद गुरुवार को बैंक खुलते ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। बैंकों की हड़ताल के कारण एटीएम भी कैशलेस हो गए थे। गुरुवार को भी अधिकांश एटीएम में रुपये नहीं डाले गए जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं बीमा सहित अन्य संस्थानों में भी गुरुवार को कामकाज शुरू हो गया।
बता दें कि मंगलवार व बुधवार को बैंक व बीमा सहित अन्य संस्थानों में कर्मचारियों ने हड़ताल कर काम काज ठप कर दिया था। गुरुवार को बैंक खुलते ही ग्राहकों की भीड़ भीड़ उमड़ पड़ी। इलाहाबाद बैंक, सर्व यूपी ग्रामीण बैंक व पंजाब नेशनल बैंक सहित अन्य बैंकों में ग्राहकों की भीड़ सुबह से लगी रही।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित बैंकों की हालत और भी खराब थी। पैसे के अभाव में डीजल न खरीद पाने वाले किसान भी सुबह से ही बैंक के बाहर लाइन लगाए बैठे रहे। बैंक खुलते ही किसान पैसा निकालते दिखे। भारतीय जीवन बीमा निगम कार्यालय में कर्मचारी पूरे दिन कामकाज निपटाने में जुटे रहे।
उधर, गुरुवार को बैंक खुलने से ग्राहकों को कुछ राहत तो जरूर हुई लेकिन एटीएम में पर्याप्त कैश न होने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी उठानी पड़ी। नगर में दो-चार एटीएम को छोड़कर बाकी सभी एटीएम में कैश उपलब्ध नहीं था। राजू कनौजिया, विजय प्रताप, शत्रुहन, जानकी व राजमनी आदि ने बताया कि एटीएम से पैसा न मिलने के कारण मजबूरन बैंकों में लंबी लाइन लगाकर पैसा निकालना पड़ रहा है।
एलडीएम बलरामपुर डॉ. एनआर विश्नोई ने कहा कि दो दिनों की हड़ताल के बाद गुरुवार को बैंकों में कामकाज सामान्य हो गया है। सभी बैंकों में पूरे दिन लेन देन किया गया। एटीएम में भी कैश डाला जा रहा है।