प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों का आधार बैंक खाते से लिंक किए जाने का निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों का आधार बैंक खाते से लिंक किए जाने के संबंध में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। बैठक में अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा करते हुए डीएम अरविंद सिंह ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के ऐसे परिवार जिनके आधार बैंक खाता से लिंक नहीं हुए हैं, प्राथमिकता के साथ उनका आधार बैंक खाते से लिंक कराया जाए। इसके लिए बैंक में अलग से काउंटर खोला जाए। बैंक में जागरूकता के लिए बैनर आदि भी लगवाए जाएं। लाभार्थियों को जागरूक करने में गैस एजेंसियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
डीएम ने यह भी बताया कि शासन द्वारा जिले की 71 ग्राम पंचायत व नगर निकायों में एक-एक मॉडल उचित दर की दुकान बनाए जाने का निर्देश दिया गया है। माॅडल उचित दर की दुकान का क्षेत्रफल 484 वर्गफुट होगा तथा उसको बनाने में आठ लाख 50 हजार रुपये मनरेगा के माध्यम से खर्च किया जाएगा।
उन्होंने सभी एसडीएम व पूर्ति निरीक्षकों को स्थान चिन्हित किए जाने का निर्देश दिया। बैठक में सीडीओ संजीव कुमार मौर्य, एडीएम प्रदीप कुमार, डीडीओ गिरीश चंद्र पाठक, जिला पूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप सिंह व पीडी सीपी श्रीवास्तव सहित सभी बीडीओ व पूर्ति निरीक्षक मौजूद रहे।