नगर के सौंदर्यीकरण, अतिक्रमण अभियान व नो पार्किंग जोन को लेकर हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। नगर के सौंदर्यीकरण, अतिक्रमण अभियान एवं नो पार्किंग जोन के संबंध में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। डीएम अरविंद सिंह ने नगर निकायों के चेयरमैन के साथ चर्चा करते हुए नगर के सौंदर्यीकरण पर जोर दिया। नगर पालिका बलरामपुर में सेफ सिटी के तहत प्रमुख स्थानों पर कैमरा लगाए जाने और कमांड कंट्रोल सेंटर बनाए जाने की बात कही।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कहा कि नगर को साफ-सुथरा व सुंदर बनाने के लिए तत्कालीन कार्य योजना के साथ ही दीर्घकालीन कार्य योजना भी तैयार की जाए। डीएम ने नगर पालिका बलरामपुर में शहरी क्षेत्र के अंदर जाम की समस्या को दूर करने के लिए नो पार्किंग जोन बनाए जाने, प्राइवेट बसों के संचालन के लिए जगह चिन्हित किए जाने तथा ई-रिक्शा का रूट निर्धारण किए जाने के संबंध में एसडीएम व ईओ को निर्देश दिया। नगर पालिका बलरामपुर के चेयरमैन धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने सदर ब्लॉक से डायट तक ओवरब्रिज निर्माण का सुझाव दिया। डीएम ने कहा कि नगर की सूरत बदलने के लिए प्रोफेशनल एजेंसी हायर की जाएगी, जो शहर का सर्वे करते हुए सर्वश्रेष्ट प्लान देगी। उसी के अनुसार कार्य योजना बनाकर कार्य कराया जाएगा। बैठक में एडीएम प्रदीप कुमार व एसडीएम सदर राजेंद्र बहादुर सहित सभी नगर निकायों के अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।