फोटो-14-बलरामपुर के सीएचसी तुलसीपुर में मरीज देखते चिकित्सक ।-संवाद
तुलसीपुर। मौसम में बदलाव और बरसात के कारण संक्रमण बढ़ने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की ओपीडी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बुधवार को टाइफाइड और बुखार से पीड़ित करीब 70 नए मरीज इलाज के लिए पहुंचे। दिनभर में कुल 750 मरीजों ने ओपीडी में चिकित्सकों से परामर्श लिया, जिसमें 560 मरीज नए रहे।
मरीजों की बढ़ती संख्या से अस्पताल में भीड़ रही। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को जांच और दवा वितरण में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुरानी बाजार निवासी जाह्नवी ने बताया कि तीन दिन से बुखार आने पर जांच कराई, जिसमें टाइफाइड की पुष्टि हुई। वहीं, रागिनी और अफसाना ने बताया कि उनके परिवार के कई लोग बुखार और खांसी से पीड़ित हैं।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुजीत ने बताया कि मानसून में संक्रमण तेजी से फैलता है। लोगों को खुले और बासी भोजन से बचना चाहिए। पीने के पानी को उबालकर ठंडा करने के बाद ही इस्तेमाल करें और घर के आसपास साफ-सफाई रखें, ताकि मच्छरों व संक्रमण फैलाने वाले कीटों से बचाव हो सके।