बलरामपुर। पंचायत चुनाव में काउंटिंग के दौरान अब तक 668 प्रधानों के सिर पर जीत का सेहरा बंध चुका है। 735 क्षेत्र पंचायत सदस्यों को भी जीत का प्रमाण पत्र दे दिया गया है। काउंटिंग के तीसरे शिफ्ट के अंत तक 857 ग्राम पंचायत सदस्यों को भी जीत का प्रमाण पत्र दे दिया गया है। जिला पंचायत सदस्य सीट पर जीत दर्ज करने वाले उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र पाने का इंतजार है।
जिले में ग्राम प्रधान के कुल 800 पद है जिसमें एक सीट पर उम्मीदवार की मौत होने के कारण वहां चुनाव नहीं कराया गया है। चार सीटों पर एकल नामांकन के चलते वहां निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।
ग्राम प्रधान के 795 सीटों पर काउंटिंग कराई जा रही है। सोमवार की शाम तक 668 परिणाम घोषित करके जीतने वाले उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र दे दिया गया है।
सदर ब्लॉक में 116 की तुलना में 102, हरैया सतघरवा में 110 की तुलना में 101, तुलसीपुर में 100 की तुलना में 75, गैसड़ी में 115 की तुलना में 90, पचपेड़वा में 100 की तुलना में 87, उतरौला में 65 की तुलना में 52, गैड़ास बुजुर्ग में 42 की तुलना में 41, श्रीदत्तगंज में 70 की तुलना में 68 और रेहरा बाजार में 81 की तुलना में 72 ग्राम प्रधान सीटों पर काउंटिंग प्रक्रिया पूरी कराकर विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र दिया जा चुका है।
सदस्य ग्राम पंचायत की जिले में 10038 सीटें है जिसमें कई सीटों पर एकल नामांकन के चलते निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। ग्राम पंचायत सदस्य के 857 सीटों पर परिणाम घोषित किए जा चुके है। जिले में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की कुल संख्या 993 है।
18 सीटों पर एकल नामांकन के चलते ग्राम पंचायत सदस्य के उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। क्षेत्र पंचायत सदस्य के 975 सीटों पर काउंटिंग कराई जा रही है जिसमें 735 सीटों के परिणाम घोषित कर विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र दिया जा चुका है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य सीटों पर सदर ब्लॉक में 159 की तुलना में 95, हरैया सतघरवा में 134 की तुलना में 113, तुलसीपुर ब्लॉक में 132 की तुलना में 85, गैसड़ी ब्लॉक में 124 की तुलना में 98, पचपेड़वा ब्लॉक में 109 की तुलना में 74, उतरौला ब्लॉक में 74 की तुलना में 45, गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक में 70 की तुलना में 65, श्रीदत्तगंज ब्लॉक में 82 की तुलना में 77 और रेहरा बाजार ब्लॉक में 109 की तुलना में 83 जीते उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र दिया गया है।
बाकी बचे ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्य के 40 सीटों पर काउंटिंग जारी है। डीएम श्रुति ने बताया कि देर रात तक चौथे शिफ्ट के दौरान सभी सीटों की मतगणना पूरी हो जाने की संभावना है। जिला पंचायत सदस्य के विजयी उम्मीदवारों को कलेक्ट्रेट में बुलाकर आरओ / पीडी अनिल कुमार सिंह से प्रमाण पत्र दिलवाया जाएगा।