बलरामपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में जिले के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम ने तैयारी पूरी कर ली है। 60 रोडवेज बसें सुरक्षित की गई हैं जिसमें, अभ्यार्थियों की संख्या को देखते हुए बसों का संचालन तय किया गया है। जिले से करीब 1500 अभ्यर्थी गोंडा व बस्ती के केंद्रों पर परीक्षा देने जाएंगे, इनके लिए 20 बसें संचालित की जाएंगी।
शनिवार को परीक्षा के पहले दिन बसों का संचालन सुबह पांच से ही शुरू कर दिया जाएगा, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई दिक्कत न हो। इसके अलावा 40 बसों को सुरक्षित किया है जिनमें, 11 बसें लखनऊ के लिए हैं, 18 बस सीतापुर और आठ बसें बहराइच जनपद के लिए हैं। तीन बसें आकस्मिक जरूरत के लिए रखी गई हैं। भीड़ बढ़ने या जरूरत के हिसाब से उनको संचालित करने की तैयारी है, ताकि परीक्षा के समय विद्यार्थियों को कोई दिक्कत न हो।
बसों का संचालन परीक्षा के लिए शनिवार व रविवार को होगा। सोमवार को भी यही व्यवस्था लागू रहेगी, ताकि किसी को आने-जाने में दिक्कत न हो। एआरएम गोपीनाथ दीक्षित ने बताया कि परीक्षा दिवस पर विशेष रूप से बसों की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। परिवहन विभाग के कर्मचारियों को अलग-अलग रूट पर तैनात किया गया है। बसों का संचालन निर्धारित समय से शुरू होगा और परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को सुरक्षित वापस लाने की भी पूरी व्यवस्था रहेगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को समय से पहले बस अड्डे पर पहुंचने की सलाह दी गई है। (संवाद)