बलरामपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के 568 आवंटियों को पात्रता पूरी न पाए जाने पर अपात्र घोषित किया गया है। इन लाभार्थियों का नाम डीपीआर से अलग करने के साथ ही इनके नाम की सूची भी नगर निकायवार शुक्रवार को चस्पा कर दी गई। यह जानकारी डूडा के परियोजना अधिकारी ओमप्रकाश ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत लाभार्थियों का सत्यापन कराया गया था। इस दौरान 568 लाभार्थी ऐसे पाए गए , जिनके पास पहले से ही पक्का मकान व अन्य संसाधन मौजूद थे। इस आधार पर इन्हें अपात्र श्रेणी में चिह्नित करते हुए ऐसे सभी 568 अपात्रों का नाम डीपीआर सूची से हटा दिया गया। डिफाल्टर चिह्नित हुए आवंटियों में बलरामपुर नगर पालिका के 206, नगर पालिका उतैराला के 92, नगर पंचायत तुलसीपुर के 129 तथा नगर पंचायत पचपेड़वा के 141 लोग शामिल है। इनके नाम की सूची भी निकायवार चस्पा कर दी गई है।
परियोजना अधिकारी ने बताया कि डिफाल्टर आवंटी सूची में अपना नाम देखकर अपात्र घोषित किए जाने के संबंध में सात दिनों के अंदर लिखित आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। ताकि कोई पात्र व्यक्ति गलती के चलते अपात्र घोषित न हो गया हो। आपत्ति न आने पर इन आवेदकों को अपात्र मान लिया जाएगा।