बलरामपुर। थारू जनजाति बहुल क्षेत्र के विकास के क्रम में पचपेड़वा के चंदनपुर गांव को बड़ी सौगात मिली है। यहां 55.58 लाख रुपये से सोलर स्ट्रीट लाइट और इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जनजाति बहुल अवस्थापना योजना के तहत बजट स्वीकृत हो गया है।
गांव में लंबे समय से सड़क और प्रकाश व्यवस्था की समस्या बनी हुई थी। बरसात के दिनों में कीचड़ और अंधेरे के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की इस योजना से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। सोलर लाइट लगने से रात में आवागमन सुरक्षित होगा और इंटरलॉकिंग सड़क बनने से कीचड़ व जलभराव से मुक्ति मिलेगी। इस योजना के तहत चंदनपुर के साथ-साथ आसपास के अन्य थारू बहुल गांवों को भी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी चल रही है। तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि थारू जनजाति के विकास के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार गंभीर है। चंदनपुर गांव में सोलर लाइट और इंटरलॉकिंग के कार्य से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।