बलरामपुर के विकास भवन सभागार में कउंसलिंग कराते अभ्यर्थी ।-संवाद
बलरामपुर। समग्र शिक्षा अभियान व पीएम श्री योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर ईसीसीई एजुकेटर और तकनीकी अनुदेशक की तैनाती के लिए अभिलेख सत्यापन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की उपस्थिति बहुत कम रही। शनिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित दूसरे चरण की काउंसिलिंग में मात्र 53 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। दोनों चरणों को मिलाकर तकनीकी अनुदेशक के 87 पदों के सापेक्ष मात्र 12 अभ्यर्थियों ने ही काउंसिलिंग कराई है।
जिले में ईसीसीई एजुकेटर के 131 पदों के सापेक्ष पहले चरण में 96 अभ्यर्थियों ने सत्यापन कराया था। वहीं छूटे हुए 297 अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर दिया गया, जिसमें मात्र 46 अभ्यर्थी ही काउंसिलिंग के लिए पहुंचे। इस तरह कुल 142 अभ्यर्थियों ने ही प्रक्रिया पूरी की। दूसरी ओर तकनीकी अनुदेशक के 87 पदों के सापेक्ष पहले चरण में सिर्फ पांच अभ्यर्थी पहुंचे थे, जबकि दूसरे चरण में छूटे हुए 82 में से केवल सात ने ही अभिलेख सत्यापन कराया। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता के निर्देशन व बीएसए शुभम शुक्ला की निगरानी में काउंसिलिंग प्रक्रिया संपन्न हुई। अभिलेखों की जांच के लिए विभिन्न काउंटर बनाए गए थे, जहां कर्मियों ने सत्यापन कार्य किया।
बीएसए शुभम शुक्ला ने बताया कि दोनों चरणों में ईसीसीई एजुकेटर के 142 और तकनीकी अनुदेशक के 12 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग कराई है। भर्ती प्रक्रिया सेवा प्रदाता के माध्यम से पूरी की जाएगी।