मुस्लिम भी चाहते हैं कि अयोध्या में बने राम मंदिर
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य कुंवर इकबाल हैदर ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण बनाए जाने की वकालत की है। ये बात उन्होंने सोमवार को नगर के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कही।
आयोग का सदस्य बनने के बाद कुंवर इकबाल हैदर सोमवार को पहली बार जिले के दौरे पर आए थे। उन्होंने कहा कि राम मंदिर पर हमारा नजरिया एकदम स्पष्ट है। यह मामला देश के करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं से जुड़ा हुआ है।
हिंदू ही नहीं बल्कि तमाम मुसलमान भी अयोध्या में राम मंदिर बनने के हिमायती है। इस्लाम में भी स्पष्ट कहा गया है कि जहां पर कोई विवाद हो वहां पर नमाज पढ़ना जायज नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सियासी फायदे के लिए मुसलमानों को बरगला रहे है। मुसलमानों के कुछ ठेकेदार समाज में तनाव पैदा कर अपनी रोटी सेंकना चाहते है।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि योगी सरकार जो कहती है वह करती भी है। दुनिया के मुसलमान यदि कहीं पर खुश हैं तो वह हिंदुस्तान ही है। तीन तलाक के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सामाजिक उत्थान के लिए सुप्रीम कोर्ट ने भी ऐसी सामाजिक कुरीतियों को दूर करने की बात कही है। करोड़ों मुस्लिम महिलाएं तीन तलाक के विरोध में भारतीय जनता पार्टी का समर्थन कर रही है।