बलरामपुर। जिले के 5100 युवाओं को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं को टैबलेट मिलने से डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। उन्हें ऑनलाइन पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में भी सहूलियत होगी।
एडीएम वित्त एवं राजस्व संदीप केला ने बताया कि 27 नवंबर को गोंडा में मुख्यमंत्री देवीपाटन मंडल के विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करेंगे। कुछ युवाओं को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में ही टैबलेट मिल जाएंगे, जबकि शेष युवाओं को जिला स्तर पर वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिले को 5038 टैबलेट मिल चुके हैं। विद्यार्थियों के नामों का सत्यापन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पहुंचाने की भी व्यवस्था की जा रही है। एडीएम ने बताया कि टैबलेट में पढ़ाई के साथ हजारों ऑनलाइन कोर्स, कौशल प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध है। यह विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने का माध्यम बन सकता है।