बलरामपुर। आग की लपटों में 50 घरों की गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया है। हरैया थाना क्षेत्र के भुलभुलिया गांव में शनिवार को दोपहर में अग्निकांड की घटना हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस व दमकल की टीम ने ग्रामीणों के साथ कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। सदर तहसीलदार ने हल्का लेेखपाल को क्षति का आंकलन करने के लिए मौके पर भेजा है।
हरैया थाना क्षेत्र के भुलभुलिया निवासी ननके ने बताया कि शनिवार की दोपहर में उनके घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भोंदू विश्ववकर्मा, राजेंद्र तिवारी, प्रमोद कुमार, झुर्रे यादव, बालकराम, राम छबीले, लोकई, ननकऊ, मेवालाल, राकेश कुमार, रमेश कुमार, केशवराम, सालिकराम, उदय नरायन, सत्य नरायन, प्रेम नरायन, पवन कुमार, रक्षाराम, विनतीराम, गंगाराम, दरगाही, पीर मोहम्मद, कल्लू पासवान, साधूराम, पारसराम, रवींद्र कुमार, तरुण कुमार, ननके पासवान, मिश्रीलाल, मायाराम व स्वामीदयाल यादव सहित 50 घरों को अपने आगोश में ले लिया।
मौके पर पहुंची हरैया थाने की पुलिस व दमकल कर्मियों की टीम ने ग्रामीणों के साथ घंटों कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
हादसे में झुर्रे का 18 हजार नकद और 50 हजार का जेवर व राम छबीले का15 हजार नकद और 40 हजार के जेवर जल गए। तहसीलदार शेख आलमगीर ने हल्का लेखपाल को क्षति का आंकलन करने के लिए मौके पर भेजा है।
गांव के समाजसेवी श्याम मनोहर तिवारी ने पीड़ित परिवारों को मदद मुहैया कराई। दमकल के प्रभारी मनोज कुमार मिश्र, अखिलेश यादव, जुबेर खान व मनोज कुमार की टीम ने आग बुझाने में काफी प्रयास किया।