बलरामपुर। सात दशक से खराब सड़कों का दंश झेल रहे करीब पांच लाख लोगों को अब टू लेन स्टेट हाईवे पर चलने का तोहफा शीघ्र मिलेगा। 47 किमी सड़क को प्रदेश सरकार ने स्टेट हाईवे की मंजूरी दे दी है। इन सड़कों के निर्माण में करीब 112 करोड़ 26 लाख रुपये खर्च होंगे।
विदित हो कि बेलहा से गौरा चौराहा होते हुए सिद्धार्थनगर विश्कोहर बाजार को जाने वाली 31 किमी लंबी प्रमुख सड़क आजादी से लेकर आज तक जर्जर थीं। इसी तरह गौरा चौराहा से तुलसीपुर जाने वाली 16 किमी सड़क भी जर्जर थी। इन सड़कों के निर्माण के लिए क्षेत्रवासी जनप्रतिनिधियों से लगातार मांग कर रहे थे। गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू ने बताया कि इन सड़कों को स्टेट हाईवे के रूप में स्वीकृत कराने के लिए बीते दिनों उन्होंने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद तथा प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग से मुलाकात की थी।
प्रदेश सरकार ने इन सड़कों को स्टेट हाईवे में परिवर्तित करने को मंजूरी दे दी है। अब यह सड़कें टू लेन बनेगी। इन सड़कों के निर्माण में करीब 112 करोड़ 26 लाख रुपये खर्च होंगे। शीघ्र ही सड़कों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इन सड़कों के बनने से क्षेत्र के करीब पांच लाख लोगों को सुहाने सफर का आनंद मिलेगा। साथ ही साथ सिद्धार्थनगर आने जाने में भी सुविधा होगी।