थानों में तैनात किए जाएंगे अतिरिक्त सीनियर पुलिस अफसर
बलरामपुर। जिले के सभी 13 थानों में एक-एक अतिरिक्त सीनियर पुलिस अफसर तैनात किए जाएंगे। फरियादियों की सुनवाई के लिए सभी थानों पर अलग से व्यवस्था कराई जाएगी।
सीनियर पुलिस अफसर के मदद में महिला व पुलिस कांस्टेबल को भी तैनात किया जाएगा। थानों पर कार्य की अधिकता के चलते अतिरिक्त सीनियर पुलिस अफसर तैनात करने का निर्णय लिया गया है।
सीनियर पुलिस अफसर फरियादियों की समस्याएं सुनकर केस दर्ज कराने में मदद करेंगे। केस को लिखने में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह बातें नवागत एसपी अनुराग आर्य ने शनिवार को दफ्तर के सभागार में प्रथम प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि थानों में कार्य की अधिकता के चलते तैनात पुलिस अफसरों व कर्मियों को फरियादियों की शिकायतें सुनने में समय नहीं मिल पाता है।
जिले के सभी थानों में तैनात होने वाले अतिरिक्त सीनियर पुलिस अफसरों को फरियादियों की सुबह 10 बजे से सायं पांच बजे तक समस्याएं सुननी होंगी और केस दर्ज कराना होगा। फरियादियों के मुकदमों को तत्काल दर्ज कराने के लिए सभी थानों के प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं।
भारत-नेपाल सीमा के सभी थानों को लोकसभा चुनाव को देखते हुए अलर्ट कर दिया गया है। सीमा से सटा जनपद होने के चलते नेपाली शराब, चरस व मानव तस्करी जैसे अवैध कारोबार पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है।
एसपी ने बताया कि बागपत उनका पैतृक जनपद है। वर्ष 2013 में सिविल सेवा में चयन हुआ। इससे पहले अमेठी जिले में एसपी रहे व उससे पूर्व कानपुर में एसपी सिटी के रूप में काम कर चुकें हैं।