खामियां मिलने पर 11 कोटे की दुकानों को निलंबित करने का निर्देश
बलरामपुर। गरीबों को सस्ते रेट पर आसानी से राशन मुहैया कराने के लिए डीएम कृष्णा करुणेश ने नई तरकीब निकाली है। डीएम ने 19 जिला स्तरीय अधिकारियों की टीमें गठित कर बुधवार को 38 दुकानों का औचक निरीक्षण कराया है।
प्रत्येक टीम ने जिले के सभी 9 ब्लॉकों के दो-दो कोटे की दुकानों का औचक निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट उपलब्ध कराई है। रिपोर्ट के आधार पर खामियां मिलने पर 11 कोटे की दुकानों को निलंबित करने का निर्देश दिया गया है।
तीन कोटेदारों से जबाब तलब किया गया है। सात दिन में संतोषजनक जबाब न देने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
डीएम ने बताया कि अधिकारियों के औचक निरीक्षण में सदर ब्लॉक के गौरा तिरकौलिया में स्टाक रजिस्टर उपलब्ध न होने, सिंघवापुर में दुकान बंद होने, गैसड़ी ब्लॉक के नचौरा में दुकान बंद होने, नचौरी में वितरण न होने के कारण निलंबित करने को कहा है।
साथ ही भगवानपुर में स्टाक रजिस्टर न दिखाने, रेहरा बाजार ब्लॉक के छितलूपुर, सरायखास व उतरौला ब्लॉक के रेड़वलिया की दुकानें बंद होने, पचपेड़वा ब्लॉक के बेमिहा में स्टाक रजिस्टर अपूर्ण होने, बरगदा सैफ व मोतीनगर में वितरण न होने तथा गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक के चिचुड़ी सहगिया में अप्रैल माह का राशन अभी तक वितरित न किए जाने के आरोप में कोटे की दुकानों को निलंबित करने का निर्देश जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र को दिया गया है।
तुलसीपुर ब्लॉक के लोहेपनिया गांव के कोटे की दुकान पर अधिक मूल्य पर राशन वितरण किए जाने, सदर ब्लॉक में बलुआ-बलुई गांव के कोटे की दुकान पर वितरण न होने तथा श्रीदत्तगंज ब्लॉक के बायभीट में दूसरी ग्राम पंचायत का स्टॉक अवशेष होने पर कोटेदारों से जबाब तलब किया गया है।
सात दिन में संतोषजनक जबाब न देने पर तीनों कोटेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।