बलरामपुर के उतरौला में आयोजित रोजगार मेले में पंजीकरण कराते युवा ।-स्रोत : विभाग
उतरौला। रामतीरथ चौधरी पीजी कॉलेज परिसर में शुक्रवार को आयोजित रोजगार मेले में सुबह से ही युवाओं की भीड़ उमड़ी रही। हाथों में फाइलें, बायोडाटा और प्रमाण पत्र लिए अभ्यर्थी अपने नंबर का इंतजार करते दिखे। कुल 693 युवाओं ने पंजीकरण कराया। विभिन्न चरणों में साक्षात्कार और अभिलेख सत्यापन के बाद 411 अभ्यर्थियों को अलग-अलग कंपनियों की ओर से ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
मेले में नौ निजी कंपनियों ने बिल्डिंग फ्रेमवर्क, प्रबंधक, स्टोर कीपर, सुपरवाइजर, हेल्पर, एमआर, मशीन ऑपरेटर और कंप्यूटर ऑपरेटर जैसे पदों के लिए इंटरव्यू लिए। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक और डिप्लोमा धारक युवा शामिल हुए। इंटरव्यू देकर बाहर निकलते हुए राजन ने कहा कि कंप्यूटर ऑपरेटर के लिए बात हुई है, कंपनी ने कहा है कॉल करेंगे। उम्मीद है जल्द जॉइनिंग मिले।
मनीष ने बताया कि ऑफर लेटर मिला है, लेकिन जॉइनिंग डेट साफ नहीं बताई गई। अंशिका ने कहा कि पहली बार इंटरव्यू दिया है, थोड़ा नर्वस थी, उम्मीद है नौकरी मिल जाएगी। रमेश ने बताया कि उन्होंने अपने सभी शैक्षिक अभिलेख कंपनी प्रतिनिधि को जमा कर दिए हैं। सलमान ने कहा कि एक-दो दिन में फोन आने की बात कही है। पप्पू ने कहा कि ऑफर लेटर मिलना बड़ी बात है, अब बस नियुक्ति पत्र का इंतजार है।
जिला सेवा योजन अधिकारी मीता गुप्ता ने बताया कि चयनित युवाओं को जल्द नियुक्ति पत्र दिलाने के लिए कंपनियों से समन्वय किया जा रहा है। फिलहाल मेले ने सैकड़ों युवाओं के मन में उम्मीद जगाई है, लेकिन सभी की निगाहें अब अंतिम जॉइनिंग कॉल पर टिकी हैं।