फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: 72 घंटे में 40 से पूछताछ, नतीजा-खाली हाथ

विज्ञापन
विज्ञापन
महाराजगंज तराई (बलरामपुर)। सुदर्शनजोत निबोरिया गांव में मंगलवार की रात पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरोज सिंह की हत्या एवं चोरी के मामले में पुलिस ने 72 घंटे में करीब 40 लोगों से पूछताछ की है। लेकिन, नतीजा खाली हाथ है। वैसे पुलिस वारदात में बाहरी बदमाशों के शामिल होने के एंगल पर भी जांच कर रही है। पुलिस की नजर उस कार पर टिकी हुई है, जो वारदात के दिन गांव के समीप दिखी थी।
विज्ञापन

मंगलवार की रात चोर सीढ़ी के रास्ते घर में घुसकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरोज सिंह की हत्या कर सात लाख रुपये के जेवरात व तीन लाख रुपये की नकदी के साथ रिवाॅल्वर चोरी कर ले गए। बाद में गांव के बाहर खेत में रिवाॅल्वर फेंक दी थी। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया है।
पुलिस टीम ने अब तक अलग-अलग क्षेत्रों से करीब 40 लोगों से पूछताछ की है लेकिन, नतीजा सिफर है। एएसपी योगेश कुमार का कहना है कि पुलिस टीमें लगी हुई हैं। सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर काम किया जा रहा है।
विज्ञापन




कैमरे ने पुलिस की बढ़ाई परेशानी
पुलिस को सीसीटीवी कैमरे से काफी उम्मीदें थीं। इसलिए पुलिस ने करीब आठ सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन वह खाली मिले। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कैमरे सौर ऊर्जा से संचालित होते हैं, ऐसे में अंधेरा होते ही काम करना बंद कर देते हैं। इसने पुलिस की परेशानी को बढ़ा दिया है।


कार सवार लोगों पर टिकी निगाहें
पुलिस को अब बहराइच के नंबर वाली उस कार की तलाश है, जो मंगलवार की शाम को सुदर्शनजोत गांव के पास दिखी थी। कार में पांच लोगों के होने की बात कही जा रही है। इसमें से एक युवक फोन पर किसी से बात करने का प्रयास करता दिखा। कार सवार एक युवक बाग की ओर जाते दिखा था। ग्रामीणों का कहना है कि उस युवक को पहले कभी गांव में नहीं देखा गया है। यही नहीं, पुलिस मारपीट की घटना में 15 दिन पहले जमानत पर छूटे युवक के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। बताया जाता है कि घटना वाले दिन वह नशे में था। सरोज सिंह के दरवाजे पर दिनभर पड़ा था। घटना के बाद वह फरार है। उसके परिवार की एक महिला सरोज सिंह के यहां काम करती थी। पुलिस ने उससे भी पूछताछ की है।



पत्थरकट्टों पर पुलिस का कसा शिकंजा
बालापुर, इटवा व अन्य क्षेत्रों में रह रहे पत्थरकट्टों पर पुलिस की नजरें टिकी हुई हैं। पुलिस जिले में ही नहीं, आसपास के जिलों में हुई इस तरह की घटनाओं से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी कर रही है। वैसे शुक्रवार को एसपी विकास कुमार ने महाराजगंज तराई थाने में पहुंचकर हरेक बिंदु के बारे में जानकारी ली है।


जल्द होगा खुलासा
महाराजगंज तराई में हुई पूर्व जिला पंचायत सदस्य की हत्या व चोरी के मामले के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया है। एसपी खुद उसकी निगरानी कर रहे हैं। पुलिस कई दिशा में काम कर रही है, जल्द ही खुलासा किया जाएगा। - अमरेंद्र प्रसाद सिंह, डीआईजी देवीपाटन रेंज
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें