तुलसीपुर (बलरामपुर)। देवीपाटन मंदिर की तरफ से संचालित गोशाला में 38 मवेशियों के बीमार होने से हड़कंप मच गया। शक्तिपीठ के महंत मिथिलेश नाथ योगी की शिकायत पर पशु चिकित्सकों की टीम इलाज में जुट गई है।
मंदिर के महंत व गोशाला के व्यवस्थापक ने मामले की शिकायत शासन से की। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए शासन ने उप निरीक्षक न्यूट्रिशन मुख्यालय लखनऊ के चिकित्सक डॉ. मनोज सिंह के नेतृत्व में मवेशियों का इलाज कराने के लिए टीम भेजी। टीम में सीवीओ बलरामपुर डॉ. यादवेंद्र प्रताप, डॉ. पीके श्रीवास्तव, डॉ. सुरेंद्र कुमार भटियार, डॉ. धर्मेंद्र मिश्र, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. वीपी वर्मा व डॉ. प्रशांत की टीम गुरुवार को गोशाला पहुंच गई।
चिकित्सकों की टीम ने सभी मवेशियों की जांच की। गोशाला में तीन सौ से अधिक गोवंश व अन्य जानवर पाले गए है जिनमें से 38 मवेशी फंगल इन्फेक्शन से पीड़ित पाए गए। चिकित्सकों की टीम ने बताया कि सही समय पर इलाज मिलने से मवेशियों पर बीमारी का खतरा टल गया है। टीम गठित कर गोशाला के मवेशियों की देखभाल के लिए लगाई गई है। बीमारी दूर होने तक टीम गोशाला के मवेशियों की जांच व इलाज में जुटी रहेगी।