बलरामपुर। जिले में 36788 अंत्योदय राशन कार्डधारकों के लिए अच्छी खबर है। अंत्योदय राशन कार्डधारकों को 18 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से तीन माह का चीनी दिया जाएगा। सितंबर माह में राशन के साथ तीन-तीन किलोग्राम चीनी वितरित किया जाएगा।
वहीं, पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को चीनी न दिए जाने से 354278 परिवारों को झटका लगा है। प्रदेश सरकार के इस निर्णय से पात्र गृहस्थी कार्डधारक मायूस हो गए हैं। आगामी त्योहार को देखते हुए प्रदेश सरकार की तरफ से गरीब परिवारों को कम दाम में चीनी देने का निर्णय लिया गया है।
बलरामपुर नगर में 594, पचपेड़वा नगर में 182, तुलसीपुर नगर में 236, उतरौला नगर में 372 में अंत्योदय राशन कार्डधारक हैं। बलरामपुर ब्लॉक में 3853, गैड़ासबुजुर्ग ब्लॉक में 2870, गैसड़ी में 5137, हरैया सतघरवा 3811, रेहरा बाजार में 3919, श्रीदत्तगंज में 2918, तुलसीपुर 5418, उतरौला 2766 व पचपेड़वा ब्लॉक में 4652 अंत्योदय राशन कार्डधारक है। जिला पूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप ने बताया कि सितंबर माह में चीनी वितरित करने के लिए गोदाम से उठान शुरू हो गया है। कोटेदारों को राशन के साथ तीन-तीन किलो चीनी वितरित करने का निर्देश दिया गया है।