बलरामपुर। कोरोना को हराने के लिए जिले में टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया गया है। 16 जनवरी के बाद अब यह अभियान 22, 28 और 29 जनवरी को चलाया जाएगा। जिले के सात अस्पतालों में 3639 कोरोना वॉरियर्स को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है।
सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह ने मंगलवार को बताया कि कोरोना टीकाकरण अभियान के पहले दिन 16 जनवरी को जिले के तीन अस्पतालों में 262 लोगों को टीका लगाया गया था। वैक्सीन लगवाने वाले सभी वॉरियर्स पूरी तरह स्वस्थ हैं। उनको अभी तक किसी भी तरह की समस्या नहीं हुई है, इसको देखते हुए सरकार ने टीकाकरण सत्र फिर आयोजित करने के लिए 22, 28 और 29 जनवरी की तारीख निश्चित की है।
इस बार सात अस्पतालों में टीकाकरण सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें संयुक्त जिला चिकित्सालय, जिला मेमोरियल चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय, सीएचसी तुलसीपुर, सीएचसी गैसड़ी, श्रीदत्तगंज व पीएचसी बलरामपुर ग्रामीण को शामिल किया गया है। 22 जनवरी को 1200 लोगों का टीकाकरण होगा।
शेष 2439 लाभार्थियों का टीकाकरण 28 और 29 जनवरी को होगा। सीएमओ ने बताया कि टीकाकरण के लिए चयनित किए गए सभी अस्पतालों में कोरोना वैक्सीन पहुंचा दी गई है। संबंधित अस्पतालों की कोल्डचेन रूम में वैक्सीन रखी गई है। वैक्सीन की सुरक्षा के लिए कर्मचारी तैनात किए गए हैं।