बलरामपुर। जिले की कुल 697 ग्राम पंचायतों के 988 गांवों को ओडीएफ प्लस बनाने का लक्ष्य तय किया गया था। अब तीसरे फेज में 350 राजस्व गांवों को ओडीएफ प्लस बनाने के लिए 14 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है।
पंचायतीराज विभाग की ओर से गांव में कचरा प्रबंधन के लिए धनराशि जारी की गई है। इसमें पांच हजार से कम आबादी वाले गांवों को 340 रुपये प्रति व्यक्ति तो पांच हजार से अधिक आबादी वाले गांवों को 705 रुपये प्रति व्यक्ति के अनुसार भुगतान किया गया है। फेज-3 के तहत वर्ष 2024-25 में कुल 14 करोड़ की धनराशि जारी हुई है। इस धनराशि से गांव में कचरे के पूर्ण प्रबंधन का कार्य किया जाएगा। सभी ग्रामों के पंचायत सचिव व पंचायत सहायकों को इस कार्य के लिए प्रशिक्षित किया जा चुका है। यह लोग कचरा प्रबंधन का कार्य बेहतर ढंग से पूरा कराएंगे। मालूम हो कि खुले में शौचमुक्त गांवों को ओडीएफ, वहीं कचरा प्रबंधन करने वाले गांवों को ओडीएफ प्लस नाम दिया गया है।
डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय ने बताया कि ग्राम पंचायतों को धनराशि जारी कर कार्य शुरू करा दिया गया है। वित्तीय वर्ष पूरा होने के साथ ही सभी गांवों को ओडीएफ प्लस घोषित किया जाएगा।