बलरामपुर। बेसिक एवं माध्यमिक स्कूलों में पढ़ने वाली 334 अनुसूचित जनजाति की छात्राओं को नए वर्ष में साइकिल व बुक बैंक से मिलने वाली पुस्तकों की सौगात मिलेगी। इसके लिए छात्राओं से आवेदन मांगा गया है। जिला स्तरीय चयन समिति की तरफ से चयनित छात्राओं को साइकिल एवं पाठ्य सामग्र्री का वितरण किया जाएगा।
थारू विकास परियोजना विशुनपुर विश्राम के परियोजना अधिकारी टीपी सिंह ने बताया कि गांवों से विद्यालय की दूरी अधिक होने के कारण अधिकांश छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होती है। ऐसी छात्राएं जिनकी गांव व स्कूल की दूरी अधिक है, उनका चयन कर साइकिल दिया जाना है। कक्षा 6, 9 व 11 में पढ़ने वाली 334 छात्राओं को साइकिल एवं यूनीफार्म का वितरण किया जाना है। इसी तरह बुक बैंक योजना के तहत कक्षा 9 एवं 10 में पढ़ने वाली 151 अनुसूचित जनजाति की छात्राओं काे निशुल्क पाठ्य पुस्तकों से लाभान्वित किया जाना है।
योजना का लाभ देने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से छात्राओं से आवेदन मांगा गया है। इसके बाद जिला स्तरीय समिति आवेदनों का चयन करेगी। चयन सूची में शामिल छात्राओं को योजना से लाभान्वित किया जाएगा।