बलरामपुर। आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में श्री राम की प्राण-प्रतिष्ठा के दृष्टिगत जिले में सुरक्षा के चाकचौबंद इंतजाम रहेंगे। इस दौरान सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। एसपी केशव कुमार के निर्देश पर सोमवार को पुलिस एवं केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों ने शहर में फ्लैग मार्च कर लोगों को पूर्ण सुरक्षा का एहसास भी कराया।
एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव व अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी योगेश कुमार की अगुवाई में जवानों ने उतरौला, सादुल्लाहनगर व रेहरा बाजार सहित संवेदनशील स्थानों एवं विभिन्न धार्मिक स्थल व भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर फ्लैग-मार्च किया। साथ ही लोगों से आपसी भाईचारा कायम बनाए रखने के साथ अराजक तत्वों के बहकावे में न आने व अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की गई। विशेषतौर पर ताकीद की गई कि क्षेत्र में किसी भी तरह की अनचाही घटना देखने पर इसकी सूचना तत्काल समीप के पुलिस थाने में अवश्य दी जाए। फ्लैग मार्च में क्षेत्राधिकारी उतरौला ज्योति, केन्द्रीय पुलिस बल 91 बटालियन के सहायक कमांडेंट गौतम चंद्र राय, उतरौला कोतवाल संजय दूबे, प्रभारी निरीक्षक थाना सादुल्लानगर बृजानन्द सिंह व प्रभारी निरीक्षक थाना रेहरा बाजार सहित अन्य थानों की पुलिस मौजूद रही।