बलरामपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया चल रही है। बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए जिले में 61 विद्यालयों की अनंतिम सूची जारी की थी। इस पर दावा व आपत्ति करते हुए चार दिसंबर तक 32 विद्यालयों के प्रबंधकों ने ऑनलाइन प्रत्यावेदन दिया है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद जिला समिति की रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
इस बार जिले में 35,606 विद्यार्थी यूपी बोर्ड की परीक्षा में शामिल होंगे। हाईस्कूल में 20,771 व इंटरमीडिएट में 14,835 विद्यार्थियों का पंजीकरण है। बोर्ड द्वारा परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए बीते दिनों जारी की गई अनंतिम सूची में 61 विद्यालयों को शामिल किया गया था। चार दिसंबर तक दावे व आपत्तियां मांगी गई थीं। इस पर दावा व आपत्ति करते हुए अंतिम दिन तक 32 विद्यालयों के प्रबंधकों ने ऑनलाइन प्रत्यावेदन दिया है। जिला समिति आपत्तियों का निस्तारण कर अपनी आख्या माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजेगी।
अनंतिम सूची से बाहर हैं 12 विद्यालय
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए वर्ष-2025 में केंद्र बनाए गए 12 विद्यालयों को पहली सूची में शामिल नहीं किया गया है। इनमें किसान इंटर काॅलेज सिंहमुहानी गैसड़ी, बलरामपुर सिटी मांटेसरी इंटर काॅलेज, डाॅ. राममनोहर लोहिया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हुसैनाबाद गैड़ास बुजुर्ग, राजकीय बालिका इंटर कालेज उतरौला, एमएल यादव बालिका इंटर काॅलेज परसौना, पन्नालाल सरावगी इंटर कॉलेज बजरडीह, ऋतुराज सिंह कन्या इंटर कॉलेज मुड़िला, मझौली कन्या इंटर काॅलेज गैसड़ी, ताहिरा गर्ल्स इंटर कॉलेज तुलसीपुर, स्वर्गीय रामलखन सिंह गर्ल्स इंटर काॅलेज रेहराबाजार, पंडित बाबूराम शुक्ल इंटर काॅलेज लखौरी एवं शिव नरायन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लालनगर सिपहिया को अनंतिम सूची में स्थान नहीं मिल सका है।
दागी सहित छह नए विद्यालय सूची में शामिल
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए इस बार 61 विद्यालयों की अनंतिम सूची जारी की गई है। इस सूची में दागी सहित छह नए विद्यालय शामिल किए गए हैं। विवादों से घिरे ग्रामीण भारत इंटर कॉलेज हाशमी नगर मथुरा बाजार का नाम इस बार अनंतिम सूची में शामिल है। 2022 की बोर्ड परीक्षा से पहले एक मीडियाकर्मी को बंधक बनाकर यहां मारपीट की घटना हुई थी। विवादों के चलते वर्ष 2023 व 2024 में इस विद्यालय को परीक्षा केंद्र की सूची से बाहर रखा गया था। इसके अलावा राजकीय हाईस्कूल बहादुरगंज, राजकीय हाईस्कूल महाराजगंज तराई, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बालापुर व मौलाना अब्दुल कलाम आजाद हाईस्कूल घासी पोखरा रेहरा बाजार को पहली बार परीक्षा केंद्र की सूची में शामिल किया गया है। इनके अलावा पूर्व में केंद्र रह चुके रामतीर्थ चौधरी इंटर काॅलेज गौर गुमड़ी को भी अनंतिम सूची में स्थान मिला है।
जिला समिति करेगी आपत्तियों का निस्तारण
अनंतिम सूची जारी होने के बाद चार दिसंबर तक 32 विद्यालयों की तरफ से ऑनलाइन प्रत्यावेदन दिया गया है। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला समिति आपत्तियों का निस्तारण करेगी।
- मृदुला आनंद, जिला विद्यालय निरीक्षक