मंडी समिति भगवतीगंज में 23 मई को शांतिपूर्ण ढंग से मतगणना कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। शांतिपूर्ण व्यवस्था कायम रखने के लिए मतगणना स्थल के अंदर व बाहर फोर्स तैनात की जाएगी। मतगणना पूरी होने तक गोंडा मार्ग पर रूट डायवर्जन रहेगा।
भगवतीगंज चौराहे से फुलवरिया बाईपास चौराहे तक सभी वाहनों का आवागमन मतगणना पूरी होने तक प्रतिबंधित रहेगा। इसकेे लिए बैरीकेटिंग लगाई जाएगी।
डीएम कृष्णा करुणेश ने गुरुवार को बताया कि श्रावस्ती संसदीय सीट से जुड़े जिले के सदर, तुलसीपुर व गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र तथा गोंडा संसदीय सीट से जुड़े उतरौला विधानसभा क्षेत्र की मतगणना 23 मई को कड़ी सुरक्षा के बीच कराई जाएगी।
मतगणना के दिन गोंडा मार्ग पर भगवतीगंज चौराहे से फुलवरिया बाईपास चौराहे तक आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। एसपी अनुराग आर्य से वार्ता करके रूट डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है।
इसके लिए बैरीकेटिंग की व्यवस्था कराई जाएगी। 23 मई को मतगणना पूरी होने के बाद ही गोंडा रोड पर आवागमन बहाल कराया जाएगा। गोंडा की तरफ से आने वाले वाहनों को फुलवरिया बाईपास चौराहे से नहर बालागंज तिराहे की ओर, उतरौला से आने वाले सभी वाहनों को फुलवरिया बाईपास चौराहे की ओर से गोंडा भेजा जाएगा। बलरामपुर से गोंडा जाने वाले वाहनों को नहर बालागंज तिराहे से फुलवरिया बाईपास चौराहा होते हुए भेजा जाएगा।