अवैध बालू खनन में पकड़ा गया लोनिवि का ट्रक
बलरामपुर। खनन माफिया तो अवैध बालू खनन में लिप्त हैं ही, अब इसमें सरकारी अमला भी शामिल हो गया है। मुखबिर की सूचना पर रविवार को एसडीएम तुलसीपुर ने पहाड़ी नाले से अवैध खनन कर भाग रहे लोक निर्माण विभाग के एक ट्रक को दबोच लिया है। ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
रविवार को एसडीएम तुलसीपुर एसके त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें कई दिनों से सरकारी वाहन से अवैध बालू खनन कर बाजार में बेचे जाने की सूचना मिल रही थी।
रविवार को सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। इस दौरान बढ़ेरिया गांव के पास सिरिया नाले से अवैध खनन का बालू भरकर पीडब्लूडी प्रांतीय खंड के ट्रक निकलते हुए दिखा।
रोकने का प्रयास किया गया तो ड्राइवर ट्रक लेकर भाग निकला। पीछा करने पर पता चला कि ड्राइवर ट्रक में लदा बालू बाजार में गिराकर ट्रक पीडब्लूडी गेस्ट हाउस परिसर में खड़ा कर भाग निकला।
मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में ले लिया गया। तुलसीपुर थाने की पुलिस ने ट्रक को सीज कर दिया है। ड्राइवर मैनुद्दीन के खिलाफ अवैध खनन का केस दर्ज किया है। उसकी तलाश की जा रही है। मामले की सूचना पीडब्ल्यूडी विभाग के उच्चाधिकारियों को दी गई है।
-तुलसीपुर में पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड की ट्रक द्वारा अवैध बालू खनन करते हुए पकड़े जाने की सूचना मिली है। जेई अमितेश झा को मामले की जांच के लिए मौके पर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर अवैध खनन में लिप्त विभागीय कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
-मेघ प्रसाद, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी प्रांतीय खंड बलरामपुर