सराफा दुकान की खिड़की तोड़ उड़ाए पांच लाख के जेवर
तुलसीपुर (बलरामपुर)। स्थानीय नगर में नई बाजार पुरवा मार्ग पर स्थित सर्राफा दुकान की खिड़की तोड़ चोरों ने करीब पांच लाख रुपये का माल पार कर दिया।
चोर आठ किलोग्राम चांदी, 25 ग्राम सोना, चांदी के सिक्के व 10 हजार की नकदी उठा ले गए। दुकानदार को मामले की सूचना गुरुवार सुबह हुई। पुलिस डाग स्क्वॉयड को लेकर मामले की छानबीन में जुट गई है।
पुरानी बाजार तुलसीपुर निवासी कृपाराम सोनी ने बताया कि उनकी नगर के नई बाजार पुरवा मार्ग पर सर्राफा की दुकान है। बुधवार देर शाम वह दुकान बंद कर घर चले गए। गुरुवार सुबह आसपास के लोगों ने सूचना दी कि उनकी दुकान में चोरी हो गई है।
दुकान पहुंचे कृपाराम ने देखा कि उनकी दुकान के बगल की गली में लगी खिड़की टूटी है। इसी रास्ते से दुकान में घुसे चोरों ने अंदर रखी आठ किलोग्राम चांदी, 25 ग्राम सोना, गल्ले में रखे कुछ चांदी के सिक्के व 10 हजार की नकदी पार कर दी है।
चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का मुंह घुमा दिया तथा हार्डडिस्क व मानीटर उठा ले गए। कृपाराम ने मामले की तहरीर तुलसीपुर थाने में दी है। मौके पर पहुंचे एएसपी एसके सिंह ने मामले का जायजा लिया।
प्रभारी निरीक्षक एसके त्रिपाठी ने बताया कि एसएसबी की डाग स्क्वॉयड तथा फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य लिया है। शीघ्र ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।