बलरामपुर के कन्हईडीह बेतहनिया गांव में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद युवतियां
जरवा। विकास खंड गैसड़ी के कन्हईडीह बेतहनिया गांव में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में 15 दिवसीय मोमबत्ती एवं अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
9वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल और प्रेरणा फाउंडेशन के संयुक्त प्रशिक्षण में क्षेत्र की 30 महिलाओं को मोमबत्ती और अगरबत्ती निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे हुनर सीखकर स्वरोजगार शुरू कर सकें और अपनी आय बढ़ा सकें। कार्यक्रम में अधिकारियों ने महिलाओं से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर एसएसबी कमांडेंट मनोरंजन पांडेय, प्रिंस कुमार, हेमंत कुमार, कोयलाबास सीमा चौकी के कंपनी इंचार्ज रूमपा ग्रेन, जरवा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक योगेश प्रताप सिंह, वन क्षेत्राधिकारी रामपुर भोला प्रसाद सिंह, प्रेरणा फाउंडेशन के अध्यक्ष संजय कुमार श्रीवास्तव, पूर्व ग्राम प्रधान नसीम खां, लक्ष्मी देवी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।