फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: बारिश में कटैयाभारी के 30 गांव बन जाते हैं टापू

Wed, 09 Apr 2025 12:14 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
बलरामपुर के कटैयाभारी गांव जाने वाले मार्ग पर भरा बाढ़ का पानी। (फाइल फोटो)
विज्ञापन
बलरामपुर/गैसड़ी। तुलसीपुर तहसील के नेपाल सीमा से सटे कटैयाभारी गांव के पास पुल न होने के कारण बरसात के दौरान 30 गांव टापू बन जाते हैं। बूढ़ी राप्ती नदी की बाढ़ का कहर हर वर्ष 25 हजार से अधिक आबादी को झेलना पड़ता है। बाढ़ के समय कटैयाभारी गांव के पास स्थित जुगाड़ का पुल तेज बहाव में बह जाता है। जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि इस वर्ष बरसात से पहले इस पुल का निर्माण नहीं हुआ तो ग्रामीणों को आवागमन की गंभीर समस्या झेलनी पड़ेगी।
विज्ञापन

नेपाल सीमा से सटे भगवानपुर खादर और मंगुरहवा गांवों के बीच स्थित बूढ़ी राप्ती (बगहा) पहाड़ी नाले पर कटैयाभारी गांव के पास पुल न होने के कारण बाढ़ के दौरान हर वर्ष 30 से अधिक गांव टापू बन जाते हैं। बाढ़ आने पर ग्रामीण लकड़ी और बांस से अस्थायी पुल बना लेते हैं, ताकि वे बूढ़ी राप्ती नदी को पार कर सकें। ग्रामीण पिंकू तिवारी, राजेश, मोहम्मद आमिर, और बेकारू बताते हैं कि बाढ़ के समय बूढ़ी राप्ती नदी पर पुल न होने के कारण लोगों का घरों से निकलना कठिन हो जाता है। गौरा भारी, कटैयाभारी, लैबुड़वा, खादर, धनकरपुर हाटी, मलदा, सकल्दा, सतनी, त्रिलोकपुर सहित 30 गांव बाढ़ के पानी में फंस जाते हैं। बाढ़ के कारण 25 हजार बीघे से अधिक ज़मीन डूब जाती है, जिससे किसानों की खरीफ फसलों का भारी नुकसान होता है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर इस वर्ष भी बरसात से पहले पुल का निर्माण नहीं कराया गया, तो उन्हें फिर से बाढ़ के दौरान भारी समस्या का सामना करना पड़ेगा।
कई बार की गई पुल निर्माण की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि कटैयाभारी गांव के पास बूढ़ी राप्ती नदी पर पक्के पुल के निर्माण के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से मांग की गई। लेकिन अब तक पुल निर्माण की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से यह अपील की है कि बरसात से पहले इस पुल का निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान हो सके।
विज्ञापन

प्रस्ताव तैयार कराने का निर्देश
भगवानपुर खादर और मंगुरहवा गांव के बीच कटैयाभारी गांव के पास बूढ़ी राप्ती नदी पर पुल निर्माण के लिए ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र दिया है। एसडीएम तुलसीपुर अभय सिंह ने बाढ़ खंड के इंजीनियरों को पुल निर्माण का प्रस्ताव तैयार कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि यदि बजट प्राप्त होता है, तो पुल निर्माण कार्य तुरंत शुरू कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

- अभय सिंह, एसडीएम तुलसीपुर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें