बलरामपुर। लेवल-1 हॉस्पिटल बलरामपुर में भर्ती तीन कोरोना मरीज स्वस्थ हो गए है। रविवार को इनकी दूसरी रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। स्वस्थ होने वाले इन तीन मरीजों को 14 दिन होम क्वारंटीन किया जाएगा। जिले में स्वस्थ होने वाले कोरोना मरीजों की संख्या अब पांच हो गई है।
सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि लेवल-1 हॉस्पिटल बलरामपुर में भर्ती तीन कोरोना पॉजिटिव मरीजों की दूसरी रिपोर्ट रविवार को निगेटिव प्राप्त हुई है। यह मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ है। कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर स्वस्थ होने वाले इन मरीजों के साथ अब कोई भेदभाव न किया जाए। इन लोगों को अभी 14 दिन होम क्वारंटीन किया जाएगा।
होम क्वारंटीन के लिए इन्हें 14 दिन के राशन का किट भी प्रदान किया जाएगा। सीएमओ ने यह भी बताया कि इससे पूर्व भी दो कोरोना मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके है। इस तरह जिले में कोरोना का जंग जीतकर स्वस्थ होने वाले व्यक्तियों की संख्या अब पांच हो गई है।