फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: छह केंद्रों पर 2772 अभ्यर्थियों ने दी उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा

विज्ञापन
छह केंद्रों पर 2772 अभ्यर्थियों ने दी उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षाछह केंद्रों पर 2772 अभ्यर्थियों न
विज्ञापन
बलरामपुर। उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा शनिवार को जिले के छह केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई गई। दोनों पालियों 4320 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2772 ने परीक्षा दी, जबकि 1548 अनुपस्थित रहे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की गई थी।
विज्ञापन

डीएम विपिन कुमार जैन और एसपी विकास कुमार ने परीक्षा स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रवेश व निकास द्वारों पर तलाशी प्रक्रिया तथा सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की स्थिति का अवलोकन किया। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वारों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया गया। कई स्थानों पर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान पूर्ण सतर्कता बरती जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
दोनों पालियों में 1548 अभ्यर्थियों ने छोड़ दी परीक्षा
सुबह पहली पाली की परीक्षा में 2160 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1573 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 587 अनुपस्थित रहे। एमएलके पीजी कॉलेज में 720 में से 517 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। भगवती आदर्श विद्यालय में 240 में से 175, एमपीपी इंटर कॉलेज में 240 में से 174, एमडीके इंटर कॉलेज में 240 में से 181 और बलरामपुर बालिका इंटर कॉलेज में 240 में से 181 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। एमएलके पीजी कॉलेज के वाणिज्य विभाग में 480 में से 345 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। दूसरी पाली की परीक्षा में भी कुल 2160 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1199 ने परीक्षा दी, जबकि 961 अनुपस्थित रहे। एमएलके पीजी कॉलेज में 720 में से 514 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। भगवती आदर्श विद्यालय में 240 में से 168, एमपीपी इंटर कॉलेज में 240 में से 177, एमडीके इंटर कॉलेज में 240 में से 175 और बलरामपुर बालिका इंटर कॉलेज में 240 में से 174 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं एमएलके पीजी कॉलेज के वाणिज्य विभाग में 480 में से 346 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 134 अनुपस्थित रहे।
विज्ञापन

गणित और रीजनिंग के सवालों में लगा अधिक समय
परीक्षा देकर लौटे अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को सामान्य से थोड़ा कठिन बताया। बहराइच से आई चरनजीत कौर ने बताया कि सामान्य अध्ययन के प्रश्न पहले हल कर लिए, लेकिन गणित के कुछ सवालों में काफी समय लग गया। उन्होंने कहा कि दो-तीन प्रश्न ऐसे थे जिनके विकल्प काफी मिलते-जुलते थे, इसलिए सही उत्तर देने में दिक्कत हुई। बस्ती के संतोष कुमार ने बताया कि रीजनिंग के कुछ प्रश्न घुमावदार थे। डीके मिश्रा ने बताया कि गणित के दो सवालों में फार्मूला याद होने के बावजूद गणना लंबी हो रही थी, जिससे समय ज्यादा लग गया। अंतिम पांच-दस मिनट में बचे हुए प्रश्न जल्दी-जल्दी हल करने पड़े।
परीक्षा समाप्त होने के बाद सड़कों पर बढ़ा दबाव
परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के एक साथ बाहर निकलने से शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्गों पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। ऑटो, बाइक और निजी वाहनों की लंबी कतार लगने से कई अभ्यर्थियों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी देर हुई। अभ्यर्थियों का कहना था कि परीक्षा समाप्त होने के समय यदि यातायात व्यवस्था को थोड़ी देर के लिए नियंत्रित किया जाता तो जाम की समस्या कम हो सकती थी।

कंट्रोल रूम से हर गतिविधि रही नजर
परीक्षा को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया था। यहां से सभी परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से केंद्रों के प्रवेश द्वार, परीक्षा कक्षों के आसपास के क्षेत्र और बाहरी परिसर की निगरानी की गई। एडीएम ज्योति राय ने बताया कि परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अनियमितता की सूचना नहीं मिली। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें