पचपेड़वा (बलरामपुर)। कोविड 19 की महामारी में जरूरतमंदों को रक्त मुहैया कराने के लिए 26 महादानियों ने रक्तदान किया है। गोंडा की बीसीटी वैन में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ रक्तदान शिविर आयोजित कराया गया। वैन को रक्तदान से पहले सैनिटाइज भी कराया गया। रक्तदानियों को ब्लड बैंक की तरफ से प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की उत्तर प्रदेश राज्य शाखा की बलरामपुर जिला इकाई के सचिव आलोक अग्रवाल ने सोमवार को बताया कि उन्होंने अपने जीवन में 15 बार रक्तदान किया है। रक्तदान करने से आत्म संतुष्टि मिलती है। 18 मई को पचपेड़वा में आशीष अग्रवाल अध्यक्ष अग्रसेन सेवा समिति के सहयोग श्रीराम जानकी मंदिर में सफलतापूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित कराया गया।
कोविड 19 की महामारी के दौरान रक्तकोष में रक्त की कमी न हो, इसके लिए रक्तदान कराया गया है। ब्लड बैंक के काउंसिलर हिमांशु तिवारी की मदद से गोंडा से आई बीसीटी वैन में सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजर व अन्य गाइडलाइंस का पालन करते हुए रक्तदान किया गया। शिविर के आयोजन में संदीप उपाध्याय, डॉ. श्याम प्रकाश यादव, ऋषिराम मिश्र, अशोक पांडेय, सुधांशु तिवारी, विकास सिंह, मयंक अग्रवाल का सराहनीय योगदान रहा।