तुलसीपुर। नेपाल स्थित बाबा प्रभुनाथ धाम में भारतीय नागरिकों की तरफ से लगाए भव्य भंडारे ने नेपाली श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। दस दिनों तक चले भंडारे में ढाई लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे में श्रद्धालुओं को चना, चावल, राजमा, दाल, नुक्ती, विभिन्न प्रकार की सब्जियां और विशेष रूप से तैयार लड्डुओं का प्रसाद वितरित किया गया। भारतीय और नेपाली दोनों ही श्रद्धालुओं ने प्रसाद की सराहना की। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में व्यवस्थाएं संभालना बड़ी चुनौती थी, लेकिन सेवादारों के समर्पण और श्रद्धा से सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहीं। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण सिंह विक्की ने बताया कि सबसे बड़ी चुनौती पानी की व्यवस्था थी। भिंगरी क्षेत्र में पानी का स्रोत लगभग 13 किलोमीटर दूर था और दुर्गम पहाड़ी रास्तों से होकर पानी लाना पड़ता था। इसके बावजूद प्रतिदिन लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई। भारतीय श्रद्धालुओं की सेवा भावना और समर्पण देखकर नेपाली नागरिकों ने भी सहयोग किया। आयोजन को सफल बनाने में व्यापार मंडल अध्यक्ष अनिल लाठ, विकास सोनी, सत्यम श्रीवास्तव, धर्मेंद्र सिंह, कमल गुप्ता, पंकज जायसवाल, रिंकू जायसवाल, दिलीप पांडे, चंद्रमणि तिवारी सहित अनेक सेवादारों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।