बलरामपुर। बिजली बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं पर विद्युत विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। क्षेत्र में अब तक बिजली बिल बकाया होने वाले करीब 2500 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं। विभागीय टीमें घर-घर पहुंचकर जांच कर रही हैं और उपभोक्ताओं से लंबित बिल तत्काल जमा करने की अपील की जा रही हैं।
उपखंड अधिकारी गौरव शर्मा ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं पर बिजली बिल बकाया है, उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बकाया जमा न करने वालों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई उपभोक्ता बिजली का अवैध उपयोग करता पाया गया तो उसके खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा-135 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि बिजली चोरी और अवैध उपयोग से विभाग को आर्थिक नुकसान होता है, वहीं ईमानदार उपभोक्ताओं को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। इसके अलावा अवैध कनेक्शन और छेड़छाड़ से विद्युत दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। विभाग ऐसे मामलों पर लगातार नजर बनाए हुए है।