बलरामपुर। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी नाम पर जिले में बन रहे केजीएमयू सेटेलाइट सेंटर का निर्माण पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने 25 करोड़ रुपये का बजट दिया है। बजट मिलने से सेटेलाइट सेंटर के निर्माण कार्य में तेजी आएगी। जल्द ही सेटेलाइट सेंटर का निर्माण पूरा होने पर जिले की 22 लाख आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया होंगी।
उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को यूपी बजट पेश किया। इस बजट में स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी के लिए मेडिकल कालेज निर्माण के लिए सरकार ने भारी भरकम बजट दिया है। बलरामपुर में बन रहे केजीएमयू सेटेलाइट सेंटर के निर्माण के लिए सरकार ने 25 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है।
केजीएमयू सेटेलाइट सेंटर के रूप में बनने वाले अटल बिहारी चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय की आधारशिला मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने 16 अक्तूबर 2020 को स्वयं रखी थी। सेटेलाइट सेंटर के बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
करीब 58 एकड़ भूमि में बनने वाले सेटेलाइट सेंटर (300 बेड वाले अस्पताल) का निर्माण कार्य प्रगति पर है। अटल बिहारी चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में सर्जरी, मेडिसिन, गाइनोलॉजी, कार्डियोलॉजी, आईसीयू, ट्रॉमा, एसएनसीयू, आर्थोपेडिक, ईएनटी सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी एवं कैंसर सहित कुल 21 विभाग होंगे। मेडिकल की पढ़ाई के लिए 100 सीट निर्धारित है। सेटेलाइट सेंटर का निर्माण मार्च 2022 तक पूर्ण होना है।