बलरामपुर। जिले के 22 लाख लोगों को सरकारी योजनाओं को भरपूर लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। जिला स्तरीय स्वीकृति समिति की बैठक में सभी प्रस्तावों पर गहन चर्चा की गई।
शासन से प्राप्त बजट को विकास परियोजनाओं पर खर्च करके जिले की तस्वीर में शानदार बदलाव लाया जाएगा। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली जैसी परियोजनाओं पर शासन से प्राप्त बजट को खर्च करके लोगों के मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास शुरू किया गया है।
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के नोडल अफसर व जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि वित्त वर्ष 2019-20 में जिले के लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा रहा है।
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को 2019-20 के जिला स्तरीय स्वीकृति समिति की बैठक की गई। सदर विधायक पल्टूराम, गैसड़ी विधायक शैलेश कुुमार सिंह शैलू, डीएम कृष्णा करुणेश, सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह, एक्सईएन जलनिगम मनोज कुमार सिंह, डीआईओएस एमके कन्नौजिया, बीएसए हरिहर प्रसाद भारती, डीएसटीओ ओमकार सिंह व ईओ नगर पालिका परिषद बलरामपुर राकेश कुमार जायसवाल सहित सभी ब्लॉकों के बीडीओ मौजूदगी में प्रस्तावों पर चर्चा कर मंजूरी प्रदान की गई।