बलरामपुर के सीएचसी शिवपुरा पर लगे मेले का निरीक्षण करते सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी।
बलरामपुर। आयुष्मान भव: मेले में अनुपस्थित 22 स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन रोक दिया गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने सभी से स्पष्टीकरण मांगा है। रविवार को नौ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं 24 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मेले में 6054 मरीजों का परीक्षण व उपचार किया गया। सीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिहरगंज समेत अन्य अस्पतालों में आयोजित आयुष्मान भव: मेले का निरीक्षण किया। मरीजों की कम संख्या पर नाराजगी जताई और अधीक्षक व कर्मचारियों को मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया।
सीएचसी शिवपुरा में गोल्डन कार्ड व आभा आईडी कार्ड बनाने की कोई व्यवस्था नहीं थी। इस पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई। अधीक्षक को इसकी तत्काल व्यवस्था करने का निर्देश दिया। बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले 22 स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।