दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम
बलरामपुर। उतरौला नगर के फक्कड़ दास चौराहे के पास राम प्रताप वर्मा ने शनिवार को दंगल का शुभारंभ किया। गोंडा के पूर्व डीएम राम बहादुर ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर कुश्ती प्रारंभ कराई। दो दिवसीय दंगल में देश-विदेश के पहलवानों ने एक-दूसरे को चित कर दमखम दिखाया।
दंगल के पहले दिन प्रयाग के दीपक पहलवान को वाराणसी के अर्जुन पहलवान को चारो खाने चित कर दर्शकों का मनोरंजन कराया। नेपाल के पहलवान बसंत थापा ने कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के सोमवीर को पटखनी देकर दूसरा मुकाबला जीत लिया।
कलियर शरीफ के जावेद ने वाराणसी के अशोक को दंगल में पटखनी दी। अयोध्या के पहलवान मनीराम दास ने दिल्ली के पहलवान जसवीर को कड़े संघर्ष में हराकर जीत दर्ज की।
अयोध्या के अंबिका दास व आजमगढ़ के अशोक के बीच कुश्ती बराबर पर छूटी। गाजीपुर की शिवांगी व वाराणसी की शिल्पा ने मैदान में उतरकर दर्शकों को रोमांच से भर दिया।
रोमांचक मुकाबले में शिवांगी ने शिल्पा को पटखनी देकर जीत हासिल की। दंगल के अंतिम चरण में पहलवानों में विवाद हो जाने के कारण आयोजक को प्रतियोगिता बीच में स्थगित करनी पड़ी।
दंगल के आयोजन में विजय पाल वर्मा, नवाब, रामप्रीत वर्मा, रामदयाल यादव, जीवनलाल यादव व मिश्रीलाल का सराहनीय योगदान रहा।