एक ही रात चोरों ने चार घरों से उड़ाया तीन लाख का माल
- खिड़की तोड़ तथा नकब लगाकर घरों में की चोरी
- पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
रेहरा बाजार-बलरामपुर। दो थाना क्षेत्रों के दो गांवों में चोरों ने एक ही रात चार घरों की खिड़की तोड़ व नकब लगाकर करीब तीन लाख रुपए का माल पार कर दिया। पीड़ितों को मामले की जानकारी रविवार सुबह हुई। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
सराय खास के मजरे मलिकडीह निवासी बैतुल्ला ने बताया कि शनिवार रात उनका परिवार घर के बाहरी हिस्से में सो रहा था। देर रात घर के पीछे की खिड़की तोड़कर चोर घर में रखी चार हजार नकदी, एक लाख का जेवर व कपड़े उठा ले गए। इसी गांव में सीताराम के घर में नकब लगाकर चोरों ने घर में रखी एक हजार नकदी व 50 हजार का जेवर पार कर दिया। सीताराम के घर की अटैची गांव से दूर खेत में मिली है। गांव के तीरथ के घर में चोरों ने नकब लगाकर कपड़े व बर्तन पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों को मामले की जानकारी रविवार सुबह हुई। सभी ने थाने पर मामले की तहरीर दी है। थानाध्यक्ष सुरेश कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। सादुल्लाहनगर थाना क्षेत्र के रामपुर अरना गांव में बंद घर में नकब लगाकर चोर अंदर रखा बक्श व अन्य सामान उठा ले गए। मिली जानकारी के अनुसार रामपुर अरना निवासी शहजाद परिवार के साथ महाराष्ट्र के सोलापुर में रहते हैं। उनके घर में ताला बंद था। शनिवार रात चोरों ने घर में नकब लगाकर सामान पार कर दिया है। पुलिस को मामले की जानकारी नहीं है।