तुलसीपुर (बलरामपुर)। रनियापुर ग्राम पंचायत के मजरे पहाड़ापुर में रविवार को अज्ञात कारणों से लगी आग में 21 परिवार तबाह हो गए है। घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है।
ग्राम पंचायत रनियापुर के मजरे पहाड़ापुर में रविवार की दोपहर ग्रामवासी विंदेश्वरी के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। तेज हवा के कारण देखते ही देखते आग ने बिकराल रूप धारण कर लिया और 21 घरों को अपनी आगोश में ले लिया। गांव में आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल कर्मियों की टीम जब तक गांव में पहुंचती तब तक विंदेश्वरी के साथ बालकराम, प्रभात कुमार, रामराज, मनीराम, अवधराम, जग नरायन, राम सुमिरन, वासुदेव, बच्चूलाल, बलदेव, जितेंद्र कुमार, दुर्गेश कुमार, हरीराम, जगदंबा, शेर बहादुर, पतिराम, बासपती व गुरुदेव सहित 21 लोगों का घर जलकर राख हो गया।
दमकल कर्मियों की टीम ने ग्रामीणों की सहायता व कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से इन घरों में रखा चारा मशीन, 70 बोरा सीमेंट, पांच बोरा यूरिया खाद, 10 क्विंटल अनाज, चार साइकिल, दो पंखा व सोलर ऊर्जा पंपिंग सेट सहित घर-गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया। हल्का लेखपाल राज कुमार ने बताया कि गांव में क्षति आंकलन किया गया है। शीघ्र ही पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।