बलरामपुर। अवकाश के दिन ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए रविवार को 24 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में 2060 मरीजों का उपचार कर दवा वितरित की गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिहरगंज में मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण किया। मेले में मरीजों से इलाज के संबंध में जानकारी लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत परखी। सीएमओ ने चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि अस्पताल आने वाले किसी भी मरीज को बाहर की दवा व जांच न लिखी जाए। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में मरीजों के इलाज के लिए आवश्यक जांच व दवाएं पीएचसी में उपलब्ध होनी चाहिए। मरीज या तीमारदार से धन उगाही की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं 24 पीएचसी पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले में कुल 2060 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें 875 पुरुष, 683 महिलाएं तथा 502 बच्चे शामिल हैं। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जावेद अख्तर, डॉ. मोहसिन अली सिद्दीकी, डॉ. रेनू सिंह व डॉ. गौरी शंकर आदि मौजूद रहे।