बलरामपुर। हेल्थ केयर व फ्रंट लाइन वर्करों के बाद अब आम जन को भी कोरोना टीका लगना शुरु हो गया है। सोमवार को जिले के दो सरकार अस्पताल व एक निजी अस्पताल में 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों तथा 45 साल से अधिक उम्र वाले बीमार व्यक्तियों के लिए टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। तीनों अस्पतालों में 230 के सापेक्ष 201 बुजुर्ग व बीमार व्यक्तियों को टीका लगाया गया है।
जिला संयुक्त चिकित्सालय में टीकाकरण सत्र का शुभारंभ सीएमओ डा. विजय बहादुर सिंह एवं सीएमएस डॉ. नानक सरन ने किया। खुद चलकर पहुंचे 65 वर्षीय बुजुर्ग राम नरायन ने टीका लगवाने के बाद खुशी जताते हुए कहा कि देश के वैज्ञानिकों ने जो टीका बनाया है हमें उसपर पूरा विश्वास है।
टीका लगवाने के बाद कोई परेशानी नहीं हुई है। इसी तरह राजेश, नंद कुमार व उर्मिला ने भी टीका लगवाने के बाद खुशी व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि अब उन्हें कोरोना से सुरक्षा मिलेगी। जिला संयुक्त चिकित्सालय में 100 के सापेक्ष 91 लोगों ने टीका लगवाया जिनमें 74 बुजुर्गों की उम्र 60 वर्ष से अधिक थी।
इसके अतिरिक्त 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले बीमार 17 व्यक्तियों को भी टीका लगाया गया है। जिला मेमोरियल अस्पताल में सीएमएस डा. एके श्रीवास्तव ने टीकाकरण सत्र का शुभारंभ कराया। यहां पर 100 के सापेक्ष 100 बुजुर्गों को टीका लगाया गया।
यहां पर टीका लगवाने वाले सभी बुजुर्गों की उम्र 60 वर्ष से अधिक रही। निजी अस्पताल गीता नर्सिंग होम में पीएचसी जोकिहिया के चिकित्साधिकारी डा. जगमोहन ने टीकाकरण की शुरुआत कराई। यहां पर 30 के सापेक्ष मात्र 10 लोगों ने ही टीका लगवाया।
यहां पर टीका लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी परवीना खातून, शशि, रुचि मिश्रा व एएनएम नीतू सैनी आदि मौजूद रहीं। सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि टीका लगवाने के बाद किसी कोई परेशानी नहीं हुई है। सभी लोगों की निगरानी की जा रही है। टीका लगवाने के लिए लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।