संपूर्ण समाधान दिवस में 11 प्रार्थनापत्रों का निस्तारण
बलरामपुर। जिले की तीनों तहसीलों में बुधवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तुलसीपुर तहसील सभागार में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ।
सदर में एसडीएम तथा उतरौला तहसील में एडीएम वित्त एवं राजस्व ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जिले की तीनों तहसीलों में 145 के सापेक्ष मात्र 11 प्रार्थनापत्रों का मौके पर निस्तारण हो सका।
शेष 134 प्रार्थनापत्रों को संबंधित विभाग के पोर्टल पर अपलोड कराकर निर्धारित समय के अंदर निस्तारण का निर्देश दिया गया है।
तुलसीपुर तहसील सभागार में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता डीएम कृष्णा करुणेश के निर्देश पर एसडीएम विशाल कुमार यादव ने की। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में 45 प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किए गए।
एसडीएम ने तीन प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण कराया और शेष प्रार्थनापत्रों को संबंधित विभाग के पोर्टल पर अपलोड कराकर विभागीय अफसरों, पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम को निस्तारण कराने की जिम्मेदारी सौंपी। पिछले समाधान दिवस में 34 लंबित प्रार्थनापत्रों को शीघ्र निस्तारित कराने का निर्देश भी दिया।
इस मौके पर सीओ कर्मवीर सिंह, अपर डीएमओ अनिल कुमार श्रीवास्तव, सीबीओ डॉ. यादवेंद प्रताप, तहसीलदार कृष्ण गोपाल त्रिपाठी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
उतरौला तहसील सभागार में एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान कुल 70 प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किए गए।
छह का मौके पर निस्तारण कराकर शेष 64 प्रार्थनापत्रों को संबंधित विभाग के पोर्टल पर अपलोड कराकर समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराने का निर्देश दिया गया। एडीएम ने सादुल्लाहनगर के मीरपुर निवासी ग्राम प्रधान सैय्यद इंतेजार हुसैन के प्रार्थनापत्र पर कड़ी नाराजगी जताते हुए गोशाला के लिए अतिक्रमण की गई चरागाह की जमीन को तत्काल खाली कराने का निर्देश दिया और शीघ्र गोशाला निर्माण कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।