बिना सूचना के गायब इंचार्ज हेडमास्टर सस्पेंड
- निलंबित हेडमास्टर ब्लॉक संसाधन केंद्र गैड़ास बुजुर्ग से संबद्घ
- केजीबीवी के निरीक्षण में खामियां मिलने पर बीएसए ने जताई नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
बलरामपुर। बिना सूचना के स्कूल से गायब इंचार्ज हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। निलंबित हेडमास्टर को ब्लॉक संसाधन केंद्र गैड़ास बुजुर्ग से संबद्घ किया गया है। निलंबित हेडमास्टर को जीवन निर्वाह भत्ता के लिए कार्य करने का प्रमाण-पत्र देने की चेतावनी दी गई है। पांच केजीबीवी के निरीक्षण में खामियां मिलने पर बीएसए ने कड़ी नाराजगी है। लापरवाही बरतने वाले केजीबीवी के वार्डेन व अन्य स्टाफ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बीएसए रमेश यादव ने मंगलवार को बताया कि 25 जुलाई को बीईओ गैड़ास बजुर्ग के औचक निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय सुकईजोत के इंचार्ज हेडमास्टर मनोज कुमार दूबे बिना सूचना के दो दिनों से नदारद पाए गए। बीईओ की रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने सरोज कुुमार दूबे को बाल अधिकारों का हनन करने, स्कूल से बिना सूचना के गायब रहने, सरकारी कर्मचारी नियमावली का उल्लघंन करने तथा विभाग की छवि धूमिल करने के आरोप में सस्पेंड कर बीआरसी गैड़ास बुजुर्ग से संबद्घ कर दिया है। निलंबित शिक्षक को कार्य करने का प्रमाण पत्र देने के बाद जीवन निर्वाह भत्ता देने की चेतावनी दी गई है। बीएसए ने बताया कि उन्होंने 23 जुलाई को पांच कस्तूरबा स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। पचपेड़वा जंगल की वार्डेन व चतुर्थ श्रेणी कर्मी बिना सूचना के विद्यालय से अवकाश लेकर गायब मिले। अवकाश पर जाने से पहले बीएसए के बेसिक शिक्षा विभाग के व्हाटसएप पर अथवा एसएमएस के जरिए सूचना देने का निर्देश दिया गया। जवाब संतोषजनक न मिलने तथा भविष्य में पुनरावृत्ति होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। निरीक्षण के दौरान बीएसए के साथ जिला समन्वयक समेकित शिक्षा आभा त्रिपाठी व लेखाकार मौजूद रहे।