बलरामपुर में बच्चे का वजन व नाप लेती आंगनबाड़ी कार्यकर्ता।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। जिले के 1882 आंगनबाड़ी केंद्रों से वजन दिवस की रिपोर्ट तलब की गई है। 17 से 24 जून तक मनाए जाने वाले वजन दिवस में जीरो से पांच साल तक के सैम व मैम बच्चों की पहचान की जा रही है। तीव्र अति कुपोषित पाए जाने पर बच्चों को जिला मेमोरियल अस्पताल के एनआरसी में निशुल्क इलाज कराने के साथ-साथ बेहतर खानपान के लिए अभिभावकों को जागरूक किया जा रहा है।
डीपीओ केएम पांडेय ने बुधवार को बताया कि 17 से 24 जून तक जिले के सभी 10 परियोजनाओं के 1882 आंगनबाड़ी केंद्रों पर वजन दिवस मनाया जा रहा है। वजन दिवस के दौरान प्रतिदिन जीरो से पांच साल तक के बच्चों का वजन व लंबाई लेकर सैम व मैम की पहचान की जा रही है।
स्वस्थ, कुपोषित, अति कुपोषित व तीव्र कुपोषित बच्चों की रिपोर्ट तैयार करके सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्यकर्ताओं को सीडीपीओ कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
सीडीपीओ कार्यालय से विकास भवन स्थित डीपीओ कार्यालय में रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाएगी जिसे शासन को भेजा जाएगा। डीपीओ ने नगर सीडीपीओ संजीव कुमार, सदर सीडीपीओ राकेश कुमार शर्मा, उतरौला सीडीपीओ सत्येंद्र सिंह, गैसड़ी सीडीपीओ गरिमा श्रीवास्तव व हरैया सतघरवा सीडीपीओ प्रियंका दूबे सहित सभी 10 परियोजनाओं के सीडीपीओ से 17 से 24 जून तक मनाए जाने वाले वजन दिवस की रिपार्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
हरैया सतघरवा की सीडीपीओ ने बुधवार को कई आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर वजन दिवस का जायजा लिया। सीडीपीओ ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र शिवपुरा पर बच्चों का वजन लिया गया।
स्टेडियो मीटर से उनकी लंबाई नापी गई। संभव अभियान के तहत परियोजना में जीरो से पांच साल तक के सभी बच्चों का वजन लिया जा रहा है और उनकी लंबाई नाप करके एनआरसी में भेजा जाएगा।
जो बच्चे एक समान चिन्हित होंगे उन्हें चिकित्सा प्रबंधन के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की तरफ से होम विजिट करके उनके स्वास्थ्य सुधार में हर संभव प्रयास किया जाएगा।