बलरामपुर। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में वोटर लिस्ट से नाम काटे जाने की भी लंबी शिकायतें मिली हैं। मतदाता सूची में नाम ढूंढने के लिए लोगों को घंटो जूझना पड़ा। नाम न मिलने पर मायूस होकर बैरंग घर लौट गए और मामले की शिकायत डीएम से भी की।
सदर विधानसभा क्षेत्र के एमपीपी इंटर कॉलेज में रविवार को तमाम लोगों ने नाराजगी जताते हुए बताया कि उनका नाम मतदाता सूची से जानबूझ कर कटवा दिया गया है। लोगों ने आरोप लगाया कि काफी देर तक सूची में नाम ढूंढते रहे। नाम न मिलने पर बिना वोट डाले ही बैरंग घर लौट गए।
इसी तरह गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र के लठावर बूथ पर पहुंचे बिंदुलाल, राम प्रसाद, राम किशुन, गुड़िया, दिनेश व विनोद आदि ने भी मतदाता सूची से नाम कटवाए जाने का आरोप लगाया। इन लोगों ने भी डीएम को शिकायती पत्र भेजकर नाम कटवाने के मामले की जांच कराने और दोषी बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की।
पेहर संवादसूत्र के अनुसार जाफराबाद की प्रधान कलावती ने आरोप लगाया है कि उनके ससुर रामसरन का नाम सूची से काट दिया गया है। पेहर, मसीहाबाद, रेड़वलिया व मोहम्मदनगर ग्रिंट आदि स्थानों से भी वोटरों ने नाम काटे जाने की शिकायत की है। इस मामले में डीएम कृष्णा करुणेश ने बताया कि उन्हें भी कई स्थानों से मतदाता सूची से नाम काटे जाने की शिकायत मिली है। मामले की जांच कराकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।