बलरामपुर। शहर निवासी एक व्यक्ति साइबर ठगों का शिकार हो गया। केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर जालसाजों ने मोबाइल नंबर हैक कर क्रेडिट कार्ड से करीब 1.74 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने मामले की रिपोर्ट कोतवाली नगर में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइन निवासी शशि प्रकाश सिंह ने बताया कि वह भारतीय स्टेट बैंक के क्रेडिट कार्डधारक हैं। 26 मई की दोपहर करीब 12:30 बजे उनके दूसरे मोबाइल नंबर पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को आईसीआईसीआई बैंक का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनके लिए क्रेडिट कार्ड जारी हुआ है और उसकी ऑनलाइन केवाईसी के लिए आधार व पैन कार्ड की आवश्यकता है। बातचीत के दौरान जालसाजों ने उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर को हैक कर दूसरे नंबर पर फॉरवर्ड कर लिया। इसके बाद उनके एसबीआई क्रेडिट कार्ड से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1,73,982 रुपये निकाल लिए गए।
जब खाते से रकम कटने की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल बैंक से संपर्क किया। प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह ने बताया कि मामले में साइबर धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांचकी जा रही है। उन्होंने लोगों से अनजान कॉल पर बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने और संदिग्ध लिंक या ओटीपी से सावधान रहने की अपील की है।