बलरामपुर। तीन शिक्षा क्षेत्रों के 17 हेडमास्टरों, शिक्षकों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों का वेतन एवं मानदेय अग्रिम आदेश तक के लिए रोक दिया गया है। स्कूल से नदारद रहने, कार्य में लापरवाही बरतने व वाट्सएप ग्रुप पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। तीन दिन में संतोषजनक जवाब न देने पर विधिक कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है। एक स्कूल में शिकायत और 10 स्कूलों में बीएसए के औचक निरीक्षण में खामियां मिली हैं।
बीएसए हरिहर प्रसाद ने गुरुवार को बताया कि उन्होंने सदर व श्रीदत्तगंज शिक्षा क्षेत्रों के 10 स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सदर शिक्षा क्षेत्र के पीएस महेशभारी प्रथम में सरिता तोमर व द्वितीय में सरवर जहां व दीप्ति अग्निहोत्री, यूपीएस महेशभारी में अनुचर भावना पवार, प्राथमिक स्कूल गोंदीपुर में शिक्षिका सबा, यूपीएस देवरांवा में अनुचर राजकुमार, प्राथमिक स्कूल कांदभारी में इंचार्ज हेडमास्टर पूनम रानी तथा श्रीदत्तगंज शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल खरदौरी में इंचार्ज हेडमास्टर सीमा श्रीवास्तव नदारद मिलीं।
औचक निरीक्षण के समय सभी 10 स्कूलों में छात्रों की कम उपस्थिति तथा अन्य खामियां पाए जाने पर 16 हेडमास्टरों, शिक्षकों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों का वेतन एवं मानदेय अग्रिम आदेश तक के लिए रोक दिया गया है। तीन दिन में संतोषजनक जवाब न देने पर विधिक कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।
वहीं, शिक्षा क्षेत्र शिवपुरा के यूपीएस चौकाकला के हेडमास्टर दिनेश श्रीवास्तव का वेतन वाट्सएप ग्रुप पर बीईओ व शिक्षक पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में अग्रिम आदेश तक के लिए वेतन भुगतान पर रोक लगा दी गई है। सात दिन में संतोषजनक जवाब न देने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।